रमज़ान के महीने में खजराना का बाज़ार हुआ गुलज़ार, किफायती दरो के चलते लगा ग्राहकों का मेला।
इंदौर से अज़हर मिर्ज़ा की रिपोर्ट
इंदौर, 4 मार्च 2026 — इंदौर के सबसे बड़े मुस्लिम बहुल क्षेत्र खजराना में रमजान की रौनक अब पूरी तरह छा गई है। दूर-दूर से लोग यहां सस्ती और विविध खरीददारी के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे बाजार में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। इस बार इंदौर शहर के अन्य इलाकों से भी ग्राहक खजराना की ओर रुख कर रहे हैं, जहां कपड़े, जूते और अन्य सामान शहर के मुकाबले काफी सस्ते मिल रहे हैं।
व्यापारियों के अनुसार, नए जूते मात्र 200 रुपये से शुरू हो रहे हैं, शर्ट 200 रुपये से, जींस पैंट 200-250 रुपये में और लेडीज सूट की भरमार है। यहां कपड़े, जूते-चप्पल, सैंडल, इत्र, परफ्यूम, बिना सिले कपड़े, घरेलू सजावट का सामान और खाने-पीने की चीजें सब कुछ उपलब्ध है। खाने के शौकीनों के लिए खजराना ने अब बंबई बाजार को भी पीछे छोड़ दिया है—छोटी से बड़ी होटलों की भरमार है, जहां हर बजट में स्वादिष्ट भोजन मिल जाता है। खासतौर पर ममता चौराहे पर अली हसन भाई के कबाब और टिक्की ने जायके से धूम मचा रखी है।
खजराना व्यापारी एसोसिएशन ने इस बार भी परंपरा निभाते हुए मेन रोड पर लाइटिंग का काम शुरू कर दिया है। अध्यक्ष शेख महमूद ने बताया, “इस बार व्यापार बहुत अच्छा चल रहा है। हम जितना संभव होगा, व्यापारियों का सहयोग करेंगे। अभी लाइटिंग का काम बाकी है, पूरी लाइट लगने पर खजराना और भी खूबसूरत लगेगा, जिससे बाहर के ग्राहक ज्यादा प्रभावित होंगे और कारोबार में तेजी आएगी।”
पूर्व अध्यक्ष यूसुफ कुरैशी ने कहा, “देवास, उज्जैन, खरगोन, बड़वाह, शिप्रा, सिमरोल और अन्य जगहों से लोग खरीददारी के लिए आ रहे हैं। इस बार व्यापार में बहुत अच्छी उम्मीद है।”
व्यापारी एसोसिएशन के अनुसार, होली के बाद बाजार देर रात तक खुला रहने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे रमजान की रौनक और बढ़ेगी।
खास बात यह है कि इंदौर शहर के मुस्लिम नौजवान लड़कों को भी खजराना बहुत भा रहा है। तारावीह और मग़रिब के बाद मेन रोड पर पैर रखने की जगह नहीं मिलती—भीड़ इतनी रहती है कि बाजार रात में जगमगाता रहता है।
खजराना में अपना अलग खजराना शॉपिंग मार्केट भी है, जहां हर वैरायटी और हर तरह का सामान मिल जाता है। रमजान के इस पवित्र महीने में सस्ता, अच्छा और विविध सामान ढूंढने वालों के लिए खजराना जरूर आने लायक जगह है।
