इंदौर में फायर सेफ्टी को लेकर सख्ती, कलेक्टर के निर्देश पर अभियान शुरू
इंदौर से अज़हर मिर्ज़ा की रिपोर्ट
इंदौर। शहर में बढ़ते अग्नि हादसों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार फायर सेफ्टी को लेकर सख्त अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने विशेष रूप से जी+3 (तीन मंजिल से अधिक) भवनों पर फोकस करते हुए उन्हें आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ऐसे सभी भवन संचालकों को 15 दिवस के भीतर फायर सेफ्टी से संबंधित सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने होंगे। इसमें फायर एक्सटिंग्विशर, आपातकालीन निकासी मार्ग, फायर अलार्म सिस्टम सहित अन्य सुरक्षा उपाय शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थाएं पूरी नहीं करने वाले भवनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम एवं फायर विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण अभियान भी चलाया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने भवनों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन करें और जागरूकता बढ़ाएं।
