पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” शुरू
इंदौर, 28 अप्रैल। मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के युवाओं को सैन्य बल, पुलिस, होमगार्ड एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती के लिए तैयार करने हेतु “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” प्रारंभ की गई है। योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं और शारीरिक दक्षता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, इंदौर के अनुसार इस योजना का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यबोध की भावना विकसित करना है। इंदौर जिले में इस योजना के तहत 100 बालक एवं 100 बालिकाओं का चयन कर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण अवधि 45 दिवस की होगी, जिसमें अभ्यर्थियों को प्रतिदिन चार घंटे सैद्धांतिक तथा तीन घंटे शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। सैद्धांतिक प्रशिक्षण में सामान्य ज्ञान, गणित, तर्कशक्ति, अंग्रेजी और कंप्यूटर जैसे विषय शामिल होंगे, वहीं शारीरिक प्रशिक्षण में दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, गोला फेंक और अन्य गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा।
योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क होगा तथा आवास, भोजन एवं अध्ययन सामग्री की व्यवस्था भी विभाग द्वारा की जाएगी। साथ ही पुरुष प्रशिक्षणार्थियों को ₹1000 प्रतिमाह और महिला प्रशिक्षणार्थियों को ₹1100 प्रतिमाह की शिष्यवृत्ति प्रदान की जाएगी।
योजना में आवेदन के लिए अभ्यर्थी का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना तथा OBC वर्ग का नॉन-क्रीमीलेयर प्रमाण-पत्र होना अनिवार्य है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण रखी गई है, जबकि आयु सीमा संबंधित भर्ती नियमों के अनुसार लागू होगी।
आवेदन की अंतिम तिथि 11 मई 2026 निर्धारित की गई है तथा प्रशिक्षण 12 मई से प्रारंभ होगा। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट या कलेक्टर कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
यह योजना युवाओं को न केवल रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें अनुशासित और सशक्त नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगी।
