स्टूडेंट हब में नशे की सप्लाई पर पुलिस का बड़ा एक्शन
DAVV हॉस्टल से जुड़े गांजा सप्लायर को भंवरकुआ पुलिस ने दबोचा, 1 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
इंदौर से संवाददाता अज़हर मिर्ज़ा की रिपोर्ट
इंदौर। शहर के सबसे बड़े स्टूडेंट हब भंवरकुआ क्षेत्र में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 206 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब ₹1.15 लाख बताई जा रही है।
दरअसल, एक दिन पहले DAVV कैंपस के हॉस्टल में नशा करते हुए चार छात्रों को पकड़ा गया था। पूछताछ में छात्रों ने जिस सप्लायर का नाम बताया, उसी के आधार पर भंवरकुआ पुलिस ने जाल बिछाया और आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को थाना प्रभारी संतोष दूधी के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से भारी मात्रा में गांजा मिला।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप पिता मनोहर तंवर (25) निवासी न्यू कमलनगर, राऊ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह शहर के किन-किन हॉस्टलों और छात्रों तक नशे की सप्लाई करता था। साथ ही उसके पीछे काम कर रहे बड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष दूधी, उपनिरीक्षक चैन सिंह चौहान सहित पुलिस टीम के जवान अंकित सिंह, शैलेन्द्र चतुर्वेदी, रविकांत, अनुराग सिकरवार और विनीत राजपूत की अहम भूमिका रही।
