महापौर और मेयर इन काउन्सिल, जनता की उम्मीदों की कसौटी पर खरे नहीं उतरे : कांग्रेस
सत्तारूढ़ पार्टी के पार्षद भी नगर निगम परिषद की कार्यप्रणाली से ख़फ़ा।
देवास। पिछले दिनों सम्पन्न हुई नगर निगम मेयर इन काउन्सिल की बैठक के दौरान, महापौर, सभापति और निर्वाचित पार्षदों की आपसी खींचतान और बिगड़ा समन्वय, पूरे शहर के सम्मुख प्रस्तुत हुआ। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम ने कहा कि नगर निगम के जिम्मेदार सभापति का ये कहना कि मेयर इन काउन्सिल से, शहर के विकास की सौगात के प्रस्ताव नहीं आते हैं, गंभीर विचारणीय प्रश्न है। एमआईसी की बैठक में नेता सत्तापक्ष स्वयं, शिकायत कर रहे हैं कि नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी उनका फोन नहीं उठाते है। सत्तापक्ष के एक पार्षद, पौधे खरीदीं और पौधारोपण कार्यक्रम में अनियमितताओं के लिए अपनी पार्टी की ही एमआईसी को कटघरे में खड़ा कर देते हैं। प्रयास गौतम ने कहा कि पार्षदों को अपने वार्ड की सामान्य व आम समस्याओं के समाधान के लिए जमीन पर बैठना पड़ रहा है। लगभग सभी निर्वाचित पार्षदों का कहना है कि निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर कार्य नहीं कर रहे हैं। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब निगम अपने कर्मचारियों को समय पर वेतन का भुगतान नहीं कर पा रहा है, तो फिर निगम खर्च से उदयपुर की ट्रीप क्यों आयोजित की जा रही है ? प्रयास गौतम ने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि देवास की जनता ने महापौर और मेयर इन काउन्सिल का चुनाव, देवास के समुचित व दायित्वपूर्ण विकास के लिए किया था, लेकिन अफसोस है कि महापौर और एमआईसी, जनता की उम्मीदों की कसौटी पर खरे नहीं उतरे।
