• Fri. Jun 5th, 2026

Vaqif Khabar

“अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन आवश्यक” — अशोक कुमार गोयल

ByM. Farid

Aug 21, 2025

“अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन आवश्यक” — अशोक कुमार गोयल

 

मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के जनजागरण कार्यक्रम के अंतर्गत अशासकीय विद्यालय संगठन और इनोवेटिव स्कूल द्वारा जिला स्तरीय निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आज संपन्न हुए पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग, भोपाल के पुलिस महानिरीक्षक श्री अशोक कुमार गोयल (IPS) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशासकीय शिक्षण संचालक संघ के अध्यक्ष श्री राजेश खत्री ने की तथा विशेष अतिथि के रूप में सचिव श्री दिनेश मिश्रा सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर इनोवेटिव पब्लिक स्कूल की छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। अतिथियों का स्वागत इनोवेटिव स्कूल के सचिव मिर्ज़ा मुशाहिद बैग सहित विभिन्न विद्यालयों एवं जिला अभिभाषक संघ के प्रतिनिधियों द्वारा किया गया।

प्रतियोगिता के विषय रहे — “हमें युद्ध नहीं, शांति चाहिए”, “नशामुक्ति” तथा “मानव अधिकारों का उल्लंघन : कारण और निवारण”। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 14 विद्यालयों के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विजेता एवं प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान मानव अधिकारों पर आधारित पंपलेट का वितरण व वाचन किया गया। कौटिल्य स्कूल, देवास के छात्रों ने नाटक के माध्यम से जागरूकता फैलाई, वहीं इनोवेटिव स्कूल के बच्चों ने बैंड के साथ आकर्षक मार्चपास्ट भी प्रस्तुत किया।

सभी उपस्थितजनों ने मुख्य अतिथि श्री अशोक कुमार गोयल का जन्मदिन भी मनाया। इस अवसर पर शासकीय माध्यमिक विद्यालय महाकाल कॉलोनी के ज़रूरतमंद बच्चों को कॉपियां वितरित की गईं।

अपने उद्बोधन में श्री गोयल ने कहा— “हमें केवल अपने अधिकारों की जानकारी ही नहीं रखनी चाहिए, बल्कि ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन भी करना चाहिए। पुलिस सदैव जनता की सुरक्षा हेतु तत्पर है, नागरिक निडर होकर जीवन जिएं।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री राजेश खत्री ने आयोग की इस पहल को सराहनीय बताया। यातायात थाना प्रभारी श्री पवन कुमार बागड़ी ने यातायात पुलिस के जनजागरूकता अभियानों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। सभी अतिथियों को स्मृति स्वरूप पौधे भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य सय्यद मकसूद अली ने किया और आभार ज्ञापन मिर्ज़ा मुशाहिद बैग ने किया।

इस अवसर पर अनुज जायसवाल, फारूक पठान, चेतन यादव, संजय देवल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

217

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *