• Fri. Mar 6th, 2026

Vaqif Khabar

प्रकरण में समझौता ना किया तो झूठी रिपोर्ट डालने का युवक ने लगाया आरोप

ByM. Farid

Dec 2, 2025

देवास ज़िले के पीपलरावां निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक देवास को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उस पर दबाव बनाकर पुराने मारपीट प्रकरण में जबरन समझौता कराने की कोशिश की जा रही है। समझौता न करने पर उसके और उसके परिवार को प्रताड़ित करने का प्रयास किया जा रहा है। उसके विरुद्ध लगातार झूठी रिपोर्टें दर्ज करवाई जा रही हैं, साथ ही जान का खतरा भी बताया है।
पीपलरावां के वार्ड क्र. 5 निवासी सुमित पिता राजेन्द्र गोयल ने अपने आवेदन में बताया कि 19 जून 2025 की रात करीब 02 बजे पंकज पिता विष्णु यादव, चेतन पिता मुकेश यादव, गोतम पिता ओमप्रकाश यादव, बंटी पिता ओमप्रकाश यादव और कुंदन पिता मुकेश यादव ने लकड़ी डंडों से उसकी मारपीट की थी। इस घटना में उसे नाक और हाथ की उंगलियों में फ्रैक्चर हुआ था और इस मामले में पीपलरावां थाने में अपराध क्र. 207/2025 दर्ज है, जो वर्तमान में सोनकच्छ न्यायालय में विचाराधीन है।
सुमित ने आवेदन में कहा है कि इसी प्रकरण में समझौता कराने के लिये आरोपितों द्वारा लगातार उसे, उसके माता पिता, परिवारजनों और मित्रों को धमकाया जा रहा है। दबाव न मानने पर पंकज और बंटी द्वारा सुमित, आशीष बारोड, राहुल बागवान, भेरू गोयल और प्रकाश गोयल के विरुद्ध झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
सुमित ने आरोप लगाया कि उक्त मामले में 28 नवम्बर 2025 को सभी आरोपी परिवारों ने राम मंदिर धर्मशाला, मालीपुरा पीपलरावां में उसे और उसके परिवार को बुलाकर समझौते का दबाव डाला। मना करने पर अगले ही दिन 29 नवम्बर को पुनः झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई, जबकि कोई घटना हुई ही नहीं थी।
उन्होंने कहा कि आरोपी और उनके परिवारजन सोशल मीडिया तथा गांव में उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं और जगह जगह कार्यालयों में झूठी शिकायतें भेज रहे हैं। साथ ही बार बार जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं, जिसके चलते वह और उनका परिवार भयभीत है।
सुमित ने ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा। उन्होंने एसपी पुनीत गेहलोत से मांग की है कि उनके तथा उनके मित्रों के विरुद्ध की गई रिपोर्टों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपितों द्वारा दी जा रही धमकियों तथा गलत शिकायतों पर कठोर और दण्डात्मक कार्यवाही की जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि बिना जांच किसी भी झूठी शिकायत पर उनके परिवार के विरुद्ध कोई कार्रवाई न की जाए।

16

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *