इंदौर से वाक़िफ ख़बर के लिए अज़हर मिर्ज़ा की रिपोर्ट
इंदौर पुलिस ने लौटाई 251 गुम मोबाइलों की ‘खुशियां’ – 60 लाख की संपत्ति वापस!
इंदौर। चोरी या गुम हुए महंगे मोबाइल फोन देखकर दिल टूट जाता है, लेकिन इंदौर क्राइम ब्रांच ने सैकड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। सिटीजन कॉप एप्लीकेशन पर दर्ज शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 251 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द कर दिए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने वर्ष 2025-26 की शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया। ये फोन सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं थे – मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में चल रहे थे। पुलिस की सूझबूझ और तकनीकी ट्रैकिंग से उन्हें ट्रेस कर जब्त किया गया।
बरामद फोनों में आईफोन, वनप्लस, सैमसंग, रेडमी, वीवो, ओप्पो, रियलमी, पोको, मोटोरोला, नथिंग और गूगल पिक्सल जैसी महंगी कंपनियों के डिवाइस शामिल हैं। कुल 251 फोन में वीवो सबसे ज्यादा (93), उसके बाद ओप्पो (42), सैमसंग (24) आदि हैं।
सिटीजन कॉप ऐप का ‘Report Lost Article’ फीचर अब आमजन के लिए वरदान साबित हो रहा है। घर बैठे ही मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराएं, ऑनलाइन कंप्लेंट नंबर मिल जाए और पुलिस खुद ट्रैकिंग शुरू कर देती है। थाने जाने की जरूरत नहीं। इसी वजह से शहर में ऑनलाइन शिकायतों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है।
पुलिस ने अपील की है – मोबाइल चोरी या गुम होने पर तुरंत सिटीजन कॉप ऐप या CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। देर करने से फोन ट्रेस करना मुश्किल हो जाता है।
यह अभियान न सिर्फ लोगों की बहुमूल्य संपत्ति लौटाने में सफल रहा, बल्कि पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास का नया पुल भी बन गया है। इंदौर पुलिस की इस मुस्तैदी ने साबित कर दिया कि अब छोटी-बड़ी हर शिकायत का त्वरित समाधान संभव है।
