• Tue. Jul 21st, 2026

Vaqif Khabar

खजराना पुलिस की त्वरित कार्रवाई :मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने निकाला जुलूस

ByM. Farid

Apr 29, 2026

खजराना पुलिस की त्वरित कार्रवाई: मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार, आईफोन व बाइक जब्त

इंदौर। शहर में बढ़ते स्नैचिंग और चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए इंदौर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में खजराना थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी के एक आरोपी को घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया आईफोन 14 प्रो मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार फरियादी शिव ओम निवासी स्कीम नंबर 134 ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल को क्लार्क्स इन होटल के सामने एक अज्ञात बाइक सवार ने उनके हाथ से आईफोन छीनकर फरार हो गया। इस पर थाना खजराना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे वाघेला गार्डन क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शकील पटेल (27) निवासी राजीव नगर, खजराना के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जल्दी पैसे कमाने और अपने शौक पूरे करने के लिए भीड़भाड़ और सुनसान इलाकों में झपटमारी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1.20 लाख रुपए कीमत का आईफोन 14 प्रो और लगभग 90 हजार रुपए कीमत की पैशन प्लस मोटरसाइकिल जब्त की है। कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 2.10 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस अब आरोपी से अन्य थानों में हुई झपटमारी और लूट की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

492

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *