• Sat. Mar 7th, 2026

Vaqif Khabar

शिवराज सरकार महिलाओं को बेवकूफ बनाने में सफल हो रही है

ByM. Farid

Apr 1, 2023

शिवराज सरकार महिलाओं को बेवकूफ बनाने में सफल हो रही है

मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल शुक्रवार को भोपाल से इंदौर जाते समय देवास स्थित चामुंडा कॉम्प्लेक्स पहुंची। जहां उन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी कांग्रेस में कैसे हो इस बात पर गहन मंत्रणा की।

मीडिया से चर्चा करते हुए विभा पटेल ने बताया कि महिलाएं समाज की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं और आज कहीं ना कहीं कैसी भी समस्या हो चाहे महंगाई की हो, बेरोजगारी की हो या महिला उत्पीड़न की हो, हर जगह महिलाएं ही प्रताड़ित होती हैं।
महिला कांग्रेस को आज महिलाओं की आवाज बनना चाहिए और प्रयास कर जो भी महिलाएं कांग्रेस संगठन में काम करना चाहती हैं उन महिलाओं को महिला कांग्रेस से जोड़ कर आगे लाए ताकि जब हम 2023 के चुनाव में आगे आए तो सारी सक्रिय महिलाएं हमारे साथ हो। महिलाएं सक्रियता से हमारे साथ काम करें ताकि जो महिला मतदाता है वह अधिक से अधिक कांग्रेस को वोट दें। इस सवाल पर कि शिवराज सरकार महिलाओं में काफी लोकप्रिय है इसके जवाब में विभा पटेल ने कहा कि महिलाएं बहुत संवेदनशील होती है और भावनाओं से जुड़ी होती हैं उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार महिलाओं में लोकप्रिय नहीं है बल्कि वह महिलाओं को बेवकूफ बनाने में सफल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिस तरह से शिवराज सरकार लाडली लक्ष्मी योजना लेकर आई थी जिसमें उन्होंने 1 साल सर्टिफिकेट दिया और वापस ले ली उसके बाद आज तक नहीं पता कि कितनी लाडली लक्ष्मीयों को इस योजना का लाभ मिला। उसी तरह लाडली बहना योजना में भी 1000 रुपये देने की बात की जा रही है,लेकिन आज जिस तरह से गैस की टंकी महंगी हो रही है। प्याज़,दाल,चावल खाने का तेल जो महंगा हो रहा है उसमें अगर हजार ₹ दिए भी जा रहे है तो उससे ज्यादा तो महिलाओं की जेब से सरकार निकाल ले रही है। कमलनाथ जी ने यह तय किया है कि उनकी सरकार आने पर वह महिलाओं को 1500 ₹ महीना देंगे और ₹ 500 में गैस सिलेंडर भी देंगे। विभा पटेल ने कहा कि कांग्रेस जब भी कोई काम करती है तो बहुत ठोस करती है बेवकूफ बनाने का काम नहीं करती। वहीँ भारतीय जनता पार्टी के नेता हमेशा झुनझुना दिखाकर महिलाओं को बेवकूफ बनाते रहते है। कांग्रेस के कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी पर उन्होंने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है कि महिलाओं की भागीदारी कांग्रेस के कार्यक्रमों में कम रहती है महिलाएं हमारे यहां स्वेच्छा से आती हैं और भारतीय जनता पार्टी में जो कार्यक्रम होते हैं उसमें लाई गई होती हैं,भाजपा आंगनवाड़ी,आशा कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाती है। महिला बाल विकास का पूरा अमला भाजपा के साथ लग जाता है और चाहे कोई भी विभाग क्यों ना हो हर एक पर दबाव डाला जाता है। येन केन प्रकरण महिलाओं को लेकर आएं और भाजपा के कार्यकर्मो का भागीदार बनाएं।उन्होंने कहा कि जब लाडली बहना योजना लांच की गई उस समय भाजपा का पंडाल खाली पड़ा था, कुर्सियां खाली पड़ी थी।इसीलिए जब उन्होंने दूसरे कार्यक्रम किए तो बड़ी जगह में नहीं किए छोटी जगह में किए क्योंकि उन्हें पता था कि महिलाएं उनके कार्यक्रम में नहीं आ रही है।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल के देवास में अल्प प्रवास पर रेखा वर्मा,एडव्होकेट सिद्धार्थ माहुरकर,राजा पडियार,हारिश गजधर,विक्रम वर्पे एवं अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

645

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *